क्या आप घर किराए पर ले रहे हैं? किराएदार और मकान मालिक दोनों जान लें पहले ये ज़रूरी नियम
सोशल मीडिया पर वायरल 2026 के नए रेंट रूल्स असल में नए कानून नहीं हैं. ये ज्यादातर Model Tenancy Act 2021 के सुझाव हैं, जो सभी राज्यों में लागू नहीं हुए हैं. जब तक राज्य इन्हें लागू नहीं करते, तब तक पुराने किराया कानून ही मान्य रहेंगे.
Rent rules 2026 India: हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर LinkedIn पर 2026 के नए रेंट रूल्स को लेकर कई पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं. इनमें दावा किया जा रहा है कि भारत में किराए से जुड़े कई नए नियम लागू हो गए हैं. लेकिन हकीकत इससे थोड़ी अलग है.
असल में क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जिन नए नियमों की बात हो रही है, वे कोई नए कानून नहीं हैं. ये ज्यादातर मॉडल टेनेंसी एक्ट 2021 से जुड़े प्रावधान हैं, जिसे जून 2021 में केंद्र सरकार ने एक फ्रेमवर्क के रूप में मंजूरी दी थी.
यह एक्ट पूरे देश में सीधे लागू होने वाला कानून नहीं है. इसे लागू करना या इसमें बदलाव करना राज्यों के हाथ में है. यानी अगर आपका राज्य इसे लागू नहीं करता, तो ये नियम आप पर लागू नहीं होंगे.
भारत में किराए का सिस्टम कैसे चलता रहा है?
भारत में लंबे समय से किराए का सिस्टम काफी हद तक भरोसे पर आधारित रहा है. खासकर शहरों में 11 महीने के एग्रीमेंट आम हैं, जो कई बार रजिस्टर्ड भी नहीं होते.
मॉडल टेनेंसी एक्ट का मकसद इसी अनौपचारिक सिस्टम को एक नियमबद्ध और पारदर्शी ढांचे में लाना है.
सोशल मीडिया पर वायरल नए नियम क्या हैं?
1. सिक्योरिटी डिपॉजिट सिर्फ 2 महीने का
यह नियम मॉडल टेनेंसी एक्ट में प्रस्तावित है, लेकिन हर राज्य में लागू नहीं है.
2. साल में सिर्फ एक बार किराया बढ़ेगा
यह कोई फिक्स नियम नहीं है. किराया बढ़ाने का तरीका आपके एग्रीमेंट पर निर्भर करता है.
3. 60 दिन के अंदर रेंट एग्रीमेंट रजिस्ट्रेशन जरूरी
यह भी एक सुझाव है, अनिवार्य कानून नहीं (जब तक राज्य लागू न करे)।
4. मकान मालिक बिना बताए घर में नहीं आ सकता
यह किरायेदारों की सुरक्षा से जुड़ा सामान्य सिद्धांत है.
5. विवाद के लिए अलग रेंट कोर्ट
एक्ट में विशेष कोर्ट की बात की गई है, लेकिन इसका लागू होना राज्यों पर निर्भर है.
अगर आपका राज्य ये नियम लागू करता है तो क्या बदलेगा?
1. लिखित एग्रीमेंट होगा जरूरी
अब मुंहजबानी या ढीले-ढाले 11 महीने के कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो सकते हैं. हर किराया समझौता लिखित और स्पष्ट होगा.
2. सिक्योरिटी डिपॉजिट तय सीमा में
रेजिडेंशियल: अधिकतम 2 महीने का किराया
कमर्शियल: अधिकतम 6 महीने
यह बड़े शहरों में बड़ा बदलाव होगा, जहां 6-10 महीने तक एडवांस लिया जाता है.
3. किराया बढ़ाने का स्पष्ट नियम
मकान मालिक मनमाने तरीके से किराया नहीं बढ़ा पाएंगे. पहले से तय शर्तें और नोटिस देना जरूरी होगा.
4. बेदखली (Eviction) के नियम साफ
किराया न देने, प्रॉपर्टी नुकसान या बिना अनुमति सबलेट करने पर ही कार्रवाई हो सकेगी. अचानक निकालना आसान नहीं होगा.
5. सबलेट करने पर रोक
अगर आप किराए का घर किसी और को देना चाहते हैं, तो मकान मालिक की लिखित अनुमति जरूरी होगी.
6. समय पर घर खाली न करने पर जुर्माना
अगर किरायेदार समय पर घर खाली नहीं करता, तो उसे ज्यादा किराया (पेनल्टी) देना पड़ सकता है.
7. विवाद का जल्दी समाधान
रेंट अथॉरिटी, रेंट कोर्ट और ट्रिब्यूनल जैसे सिस्टम का प्रस्ताव है, जिससे केस जल्दी निपट सकें.
राज्यों की भूमिका सबसे अहम
भारत में किराए से जुड़े कानून राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं. इसलिए हर राज्य अपने हिसाब से नियम लागू करता है.
कुछ राज्य जैसे:
- उत्तर प्रदेश
- तमिलनाडु
- असम
ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं, जबकि कई राज्य अभी भी पुराने रेंट कंट्रोल कानूनों पर ही चल रहे हैं.
मुंबई जैसे शहरों में पहले से ही लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट के जरिए सिस्टम काफी हद तक औपचारिक है.
सोशल मीडिया पर वायरल 2026 के नए रेंट नियम पूरी तरह नए नहीं हैं, बल्कि 2021 के मॉडल टेनेंसी एक्ट पर आधारित सुझाव हैं. जब तक राज्य सरकारें इन्हें लागू नहीं करतीं, तब तक पुराने नियम ही लागू रहेंगे. इसलिए किसी भी नई जानकारी पर भरोसा करने से पहले अपने राज्य के कानून को जरूर समझना जरूरी है.
ये भी देखिए: ATM से पैसे निकालने जैसा अब LPG गैस! 2 से 3 मिनट में मिलेगा सिलेंडर, इन स्टेप्स को करें फॉलो





.png)



.png)